कुंदरकी। बुधवार को कुंदरकी ब्लॉक के ग्राम हरियाना में एक मकान से दूसरे मकान पर उछल-कूद कर रहे बंदरों के झुंड के कारण एक मकान का छज्जा गिरा गया। छज्जा के मलबे की चपेट में आने से गांव निवासी मोहम्मद आलम खान की बेटी युहानज (3) और हिफ्जा नूर (5) घायल हो गई। युहानज के सिर में चोट आई है।
हादसे के वक्त दो बहनें अपनी बुआ साफिया के साथ दुकान से सामान लेने के लिए जा रही थीं। तभी हादसा हो गया। दोनों बहनों को निजी अस्पताल में इलाज कराया गया है। गांव के जावेद मुगल, मोहम्मद रफी व शाहेरून ने बताया कि बंदर ग्रामीणों पर हमले कर रहे हैं। सामानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रशासक गुलशन मोहम्मद से बंदरों को पकड़वाए जाने की मांग की है।