मुरादाबाद। एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा 20 अगस्त से कराई जानी है। विवि अधिकारियों का कहना है कि प्रश्न पत्र का समय और प्रश्नों की संख्या कम कर दी जाएगी। अब परीक्षा का समय दो घंटे है। विश्वविद्यालय के स्नातक कक्षाओं के करीब 32 और परास्नातक के 12 प्रश्न पत्रों की परीक्षाएं शेष हैं। कोरोना संक्रमण काल को देखते हुए यह परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थी। यूजीसी के निर्देश पर यूपी सरकार ने अंतिम वर्ष की परीक्षा कराने का फैसला लिया है। विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह का कहना है कि 20 अगस्त से परीक्षा कराने पर सहमति बनी है।
उन्होंने बताया कि शारीरिक दूरी के पालन के लिए परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया जाएगा। जिस दिन बड़े प्रश्न पत्र की परीक्षा होगी, उस दिन छोटे पेपरों की परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाएगा। बड़े पेपर की परीक्षा में व्यक्तिगत और संस्थागत विद्यार्थियों की परीक्षा अलग-अलग कराने की योजना बन रही है।
कंटेनमेंट जोन पर फैसला लेगी परीक्षा समिति
परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए परीक्षा समिति की बैठक का आयोजन होगा। उसमें कंटेनमेंट जोन के विद्यार्थियों और वहां के परीक्षा केंद्रों को लेकर फैसला लिया जाएगा। यदि आखिरी समय पर किसी केंद्र को कंटेनमेंट जोन में घोषित किया जाता है तो वहां की परीक्षा के क्या विकल्प होंगे, इस पर विचार किया जाएगा।
प्रश्न पत्र के प्रारूप पर कमेटी देवी सुझाव
दो घंटे के पेपर में होने वाले प्रश्न पत्र का प्रारूप कमेटी तय करेगी। दरअसल विश्वविद्यालय की परीक्षा में प्रश्न पत्र में वैकल्पिक, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होते हैं। विश्वविद्यालय में एक विशेषज्ञ समिति बनाई गई है। इससे 2 दिन में जवाब मांगा गया है।
सैनिटाइजर के लिए कॉलेजों को मिलेगी एकमुश्त रकम
कोरोना संक्रमण से बचने के लिए कॉलेजों में सैनिटाइजेशन किया जा सके इसके लिए विश्वविद्यालय कॉलेजों को एकमुश्त रकम देगा। इसके लिए 3 वर्ग बनाए गए हैं। बड़े कॉलेजों को 5000 मध्यम वर्ग के कॉलेजों को 2000 और छोटे कॉलेजों को 1000 रुपये सैनिटाइजर की व्यवस्था के लिए दिए जाएंगे।
20 अगस्त से परीक्षा कराने पर सहमति बनी है। कंटेनमेंट जोन से संबंधित समस्याओं के लिए परीक्षा समिति में प्रस्ताव रखा जाएगा। उसके बाद ही कोई फैसला होगा। संक्रमण को देखते हुए परीक्षा का समय 3 घंटे के बजाय 2 घंटे कर दिया गया है।
- संजीव सिंह, परीक्षा प्रभारी, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय।