मुरादाबाद। मूंढापांडे के गांव मझरा गोवर्धनपुर में ग्राम प्रधान के घर में घुसे चोर एक लाख रुपये की नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना मंगलवार रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। प्रधान ने पहले डकैती की तहरीर दी लेकिन थोड़ी देर बाद दूसरी तहरीर में कहा कि छत के रास्ते घुसे चोर सामान समेटकर मुख्य गेट से भाग गए। इसी गांव में मंगलवार रात को एक किसान के घर से भी चोरों ने 60 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया है।
मझरा गोवर्धनपुर निवासी प्रधान विजयपाल सिंह का कहना है कि रात को वह घर की छत पर सोए थे। बाकी परिजन नीचे सो रहे थे। तभी रात को किसी वक्त चोर घर में घुस आए और घर में रखे एक लाख रुपये, सोने की दो चेन, चूड़ियां, हार व सोने चांदी के अन्य जेवरों समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। प्रधान का कहना है कि तीन बजे के करीब उनकी आंख खुली तो उन्हें घटना का पता चला। प्रधान ने अपने घर डकैती पड़ने की सूचना दी। डकैती की सूचना से हरकत में आई पुलिस भी तड़के करीब बजे प्रधान के घर पहुंच गई। प्रधान ने शुरू में तहरीर भी डकैती की ही दी। लेकिन बाद में प्रधान ने दूसरी तहरीर देकर चोरी होने की बात कही है। पुलिस ने दूसरी तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तहरीर बदलने की बाबत प्रधान का कहना है कि उन्होंने डकैती की तहरीर लिखी जरूर थी लेकिन पुलिस को चोरी की ही तहरीर दी है। बोले, हमारे यहां चोरी ही हुई थी।
इसी गांव में मंगलवार रात ज्ञान स्वरूप के घर में भी चोर घुस गए। गृहस्वामी का कहना है कि नगदी और जेवर समेत चोर करीब 60 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं।