कांठ। शुक्रवार को नगर में नगर पंचायत कार्यालय रोड पर पानी की पाइप लाइन लीकेज होने के कारण सड़क फब्बारा गई। जिससे रास्ते में दूर-दूर तक पानी ही पानी फैल गया और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांठ नगर में अमृत 0.2 के अंतर्गत नगर पंचायत पुर्नगठन योजना के अंतर्गत पानी की पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, इसके अलावा नगरवासियों के घरों को स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं। नगर में चेतरामपुर रोड पर दशहरा मेला स्थल के पास बनाई गई पानी की नवनिर्मित टंकी भी बनाई गई है। अभी एक सप्ताह पहले ही कार्यदायी संस्था के द्वारा नगर पंचायत कार्यालय रोड पर पानी की पाइप लाइन डाली गई थी। शुक्रवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे इस लाइन में जैसे ही पानी की आपूर्ति की गई, वैसे ही पाइप लाइन लीकेज हो गई और रास्ते में तेज प्रेशर से पानी निकलने लगा, जो किसी फब्बारे से कम नजर नहीं आ रहा था। इसके अलावा नगर में गुरुद्वारा के सामने भी प्रतिदिन सड़क से पानी निकल रहा है। जिससे मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग की सड़क भी नीचे को धंस गई है, यहां अभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। नगरवासियों का कहना है कि पाइप लाइन बिछाने का कार्य मानकों की अनदेखी के साथ किया गया है।