मुरादाबाद। डिलारी थाना क्षेत्र में रिंकू की हत्या उसके चचेरे भाई शिवम ने अपने भाई अमित और उसकी पत्नी आंचल के उकसाने पर की थी। सोमवार को पुलिस ने शिवम को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस आरोपी अमित और आंचल की तलाश में जुटी है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि डिलारी थाना क्षेत्र के सरकड़ा विश्नोई और बमनिया पट्टी गांव के बीच रविवार की सुबह गन्ने के खेत में खून से लथपथ हालत में एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान डिलारी क्षेत्र के बमनिया पट्टी गांव निवासी हरनाम उर्फ रिंकू (36) के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। इस मामले में रिंकू के पिता राजेश की तहरीर पर उसकी पत्नी आंचल, चचेरे भाई अमित और शिवम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सोमवार को शिवम को गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि आठ साल पहले रिंकू की शादी आंचल के साथ हुई थी। शिवम के बड़े भाई अमित और आंचल के बीच संबंध हो गए थे। करीब दो साल पहले आंचल अपने दोनों बच्चों को लेकर अमित के साथ चली गई थी।
इसके बाद आंचल और अमित ने शादी कर ली थी। आंचल और अमित गांव ही आ रहे थे। रिंकू ने आंचल और अमित को धमकी दी थी कि अगर गांव में आएंगे तो वह दोनों की हत्या कर देगा। अमित और आंचल गांव आना चाहते थे लेकिन रिंकू की वजह से नहीं आ पा रहे थे। अमित और आंचल ने शिवम को रिंकू की हत्या करने के लिए तैयार कर लिया था। शनिवार को शिवम रिंकू को शराब पिलाकर सरकड़ा विश्नोई में रामलीला दिखाने ले गया था। रामलीला देखने के बाद दोनों गांव लौट रहे थे कि रास्ते में रुक गए और फिर से दोनों ने पुलिया के पास शराब पी थी। इसके बाद रिंकू के नशे में होने पर शिवम खेत में पहले से छिपाकर रखा फरसा निकालकर लाया और रिंकू पर हमला कर हत्या कर दी थी। इसके बाद रिंकू की लाश गन्ने के खेत में फेंकने के बाद भाग गया था। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि शिवम को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। अमित और आंचल की तलाश की जा रही है।