मुरादाबाद। दिल्ली रोड पर एक कंटेनर ने बोलेरो को टक्कर मार दी। बोलेरो में सवार मेरठ के आरटीओ कार्यालय में तैनात आरआई (टेक्निकल) की पत्नी की मौत हो गई, जबकि आरआई और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेने के साथ चालक को भी हिरासत में ले लिया है।
मूलरूप से बुलंदशहर के दानपुर निवासी सीएल निगम वर्तमान में आरटीओ मेरठ कार्यालय में बतौर आरआई तैनात हैं। वह पिछले कई वर्षों से मुरादाबाद की मानसरोवर कालोनी में रह रहे हैं। शनिवार रात वह मेरठ से पत्नी और बेटी के साथ बोलेरो में सवार होकर मुरादाबाद आ रहे थे। कार उनका चालक कमलेश चला रहा था। रात करीब एक बजे जैसे ही उनकी कार मझोला थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित गांगन नदी के पुल के पास पहुंची वैसे ही दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने बोलेरो में टक्कर मार दी। इससे आरआई सीएल निगम, उनकी पत्नी नीलम निगम (42), बेटी अदिति निगम (10) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को जिला अस्पताल ले गई। जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने नीलम को मृत घोषित कर दिया। सीएल निगम व उनकी बेटी की गंभीर दशा को देखते हुए परिवार वालों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एसएचओ मझोला अजयपाल सिंह ने बताया कि मृतका नीलम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षतिग्रस्त बोलेरो व कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की तरफ से घटना की सूचना आरटीओ मेरठ को दे दी गई है।