मुरादाबाद में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी स्कूल-कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन में आयोजित हुआ। यहां जिले के प्रभारी और गन्ना मंत्री जितिन प्रसाद ने परेड की सलामी ली। इसके बाद पुलिसकर्मियों को मेडल दिए गए।
मुरादाबाद पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। परेड समारोह में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी एवं लोनिवि मंत्री जितिन प्रसाद रहे। उन्होंने ध्वजारोहण करने के बाद परेड का निरीक्षण किया।
उत्कृष्ठ सेवा के लिए मुरादाबाद एसएसपी हेमराज मीना और 17 पुलिसकर्मी सम्मानित किए जाएंगे। एसएसपी को डीजीपी की ओर से प्रशस्ति पत्र मिला है जबकि आरआई रकम सिंह समेत 17 अन्य पुलिसकर्मियों को अलग-अलग पदक और सम्मान चिन्ह दिए गए हैं।
एसएसपी हेमराज मीना ने 2023 में मुरादाबाद के चर्चित कुशांक हत्याकांड, सीए श्वेताभ तिवारी और भाजपा नेता अनुज चौधरी हत्याकांड का खुलासा किया था। इसके अलावा मझोला क्षेत्र से एक बच्चे को अगवा कर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले अपहरण कर्ताओं को 12 घंटे में गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद किया गया था।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहर भर में अलर्ट रहा। पुलिस टीम ने डॉग स्क्वायड के साथ रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मुख्य बाजारों और शॉपिंग मॉल्स में सघन चेकिंग की। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर यात्रियों के बैग और अन्य सामान की तलाशी ली गई। वहीं बाजारों और मॉल्स में कई व्यक्तियों को संदिग्ध मानकर पुलिस ने पूछताछ की।