कांठ। बिना रजिस्ट्रेशन अवैध रूप से नर्सिंग होम संचालित कर लोगों के जीवन से खुला खिलवाड़ करने के आरोप में चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव सिंह के द्वारा झोलाछाप के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। निरीक्षण के दौरान झोलाछाप कोई भी डिग्री टीम को नहीं दिखा पाया था।
एक शिकायत के आधार पर 19 जनवरी 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ के चिकित्साधीक्षक/नोडल अधिकारी डॉ. राजीव सिंह टीम के साथ कांठ में धामपुर रोड स्थित अमृत नर्सिंग होम का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। यहां मौके पर अपने को चिकित्सक बताने वाला झोलाछाप अजय सैनी मौजूद मिला था। साथ यहां गांव पाइंदापुर निवासी महिला रानी भर्ती मिली थी, जिसका रुपये लेकर प्रसव कराया गया था। नर्सिंग होम में निरीक्षण के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दवाइयां भी मिली थीं और यहां बायो मेडिकल बेस्ट की कोई सुविधा नहीं थी। जांच के दौरान खुलासा हुआ था कि अमृत नर्सिंग होम के नाम से मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में कोई भी रजिस्ट्रेशन नहीं है।
सीएचसी चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने अजय सैनी से चिकित्सक की डिग्री दिखाने के लिए कहा तो वह कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाया था। जांच मेें झोलाछाप के नाम से फर्जी दस्तावेज भी टीम को मिले थे। जिन्हें कब्जे में ले लिया गया था।
इस मामले में चिकित्साधीक्षक ने कांठ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। जिस पर अब पुलिस ने झोलाछाप अजय सैनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।