मुरादाबाद। एसपी देहात के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ मारपीट और कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज की है। इसी मामले में दूसरे पक्ष की ओर से मारपीट की रिपोर्ट पहले से ही दर्ज है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मिलक मऊ निवासी हमसारन पत्नी मोहम्मद रफी ने सिविल लाइंस थाने में अहसान, फय्याज, अकरम, इमरान, असलम, अनीस, मोसिम, दानिश, अहमद, सत्तार, शाहिद, इरफान, सरफराज, सरताज, फुरकान, साजिद, वाजिद और तालिब के खिलाफ मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि 30 जनवरी की रात करीब आठ बजे आरोपी अकरम और इमरान ने उसके दरवाजे पर अपनी गाड़ी खड़ी की थी। उसने इससे मना किया तो आरोपी अपने बाकी साथियों को ले आए और उस पर हमला बोल दिया। घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। रिपोर्ट में आरोप है कि आरोपियों ने महिला के पति और देवर के गले में रस्सी का फंदा डालकर गला घोंटकर मारने की कोशिश की। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने बताया कि मामला मारपीट का है। दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। दूसरे पक्ष की ओर से पहले ही रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। दूसरे पक्ष की ओर से एनसीआर लिखी गई थी जो मेडिकल रिपोर्ट के बाद मुकदमे में तरमीम हो गई है। इसी के चलते दूसरे पक्ष ने बढ़ा चढ़ाकर कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।