ठाकुरद्वारा। पांच लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर महिला को मारपीट कर घर से निकलने के आरोप में शरीफ नगर के राशन डीलर समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जनपद बिजनौर के कोतवाली शहर के जन्नत कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक बिजनौर को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उसकी शादी शरीफ नगर ठाकुरद्वारा निवासी शाने रब के साथ 22 अप्रैल 2024 को हुई थी। उसका आरोप है कि शादी में दिए गए दहेज को कम बताकर उसके ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करते थे।
उन्होंने उससे अपने मायके से अतिरिक्त दहेज के रूप में पांच लाख रुपये की मांग की। आरोपी की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न किया गया। उसने अपने तहरे ससुर ताहिर पर उसे अपराधी बताकर हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया। ताहिर शरीफ नगर का राशन डीलर भी है। पीड़िता का आरोप है की मांग पूरी न होने पर उसे ससुराल वालों ने मारपीट कर अपने घर से निकाल दिया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने महिला के पति शाने रब, नसीम, खतीजा, फिरोज, परवेज आलम, रोशन और ताहिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
उधर राशन डीलर ताहिर ने कहा है कि उस पर अपराधी होने का गलत आरोप लगाया है। उन्हें जन सूचना अधिकार में थाना ठाकुरद्वारा से मांगी गई सूचना में उस पर कोई भी अभियोग पंजीकृत न होने की जानकारी दी गई है। संवाद