अगवानपुर। नगर अगवानपुर में वाहन हटाने के विवाद में हुई मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने किसान नेता जाहिद हुसैन समेत 15 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अगवानपुर के मोहल्ला नियारियान निवासी हाजी नदीम अहमद की मुख्य बाजार में नदीम ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। सोने चांदी के साथ नदीम फ्रिज और अन्य सामान भी बेचते हैं। सोमवार की रात टाटा मैजिक वाहन से दुकान पर फ्रिज वॉशिंग मशीन आए थे। सामान उतारकर चालक छोटा हाथी मोड़ रहा था। तभी कस्बे के शराफत वहां से गुजर रहे थे। शराफत ने रास्ते में चालक से गाली गलौज कर दी थी। नदीम ने विरोध किया तो शराफत वहां से चला गया। इसके कुछ देर के बाद ही शराफत कई युवकों के साथ नदीम की दुकान पर पहुंच गए।
आरोप था कि इन लोगों ने नदीम व उसके भाई और बेटों की बुरी तरह पिटाई कर दी। पुलिस ने तहरीर पर शराफत, सलमान, अदनान, नाजिम, फैजान, शराफत, मेहराव, छोटे, जुनैद, अन्नू, भूरा, लाला, मो. जान और जाहिद हुसैन पर मारपीट और तोड़फोड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मंगलवार को शराफत, सलमान और मो जान को गिरफ्तार कर लिया है।