कांठ। विवाद के चलते घर से बाहर कर ताला लगा देने के बाद वृद्ध मुस्लिम महिला के द्वारा मदद की गुहार पर प्रयागराज के सलोरी से सोमवार को कांठ तहसील पहुंचे रंजीत धर्मार्थ सेवा आश्रम के अध्यक्ष, शनि उपासक व माता बगलामुखी साधक अंतरराष्ट्रीय संत धर्मगुरु रंजीत महाराज ने अधिकारियों से मिलकर महिला की समस्या का समाधान कराने के लिए कहा।
संत धर्मगुरु रंजीत महाराज ने बताया कि कई वर्ष पहले ट्रेन में सफर करते समय उनकी मुलाकात कांठ क्षेत्र के गांव हरिनूरपुर की सईदा खातून से हुई थी। उस वक्त उन्होंने यह कहते हुए महिला को अपना नंबर दिया था कि यदि उसे कभी कोई परेशानी हो या मदद की जरूरत पड़े तो वह उन्हें याद करे। अब महिला ने उनसे मदद मांगी तो वह प्रयागराज से हवाई यात्रा कर दिल्ली और वहां से कार के द्वारा कांठ आए। वह पीड़िता के साथ उपजिलाधिकारी स्निग्धा चतुर्वेदी व तहसीलदार राजकुमार सिंह से मिले। महिला द्वारा बताए जाने पर उपजिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लिया और लेखपाल को पुलिस के साथ मौके पर जाकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। धर्मगुरु रंजीत महाराज ने कहा कि वह हिंदू-मुस्लिम में कोई भेद नहीं करते हैं। लेखपाल मोहम्मद वसीम ने बताया कि घर में लगाए गए ताले को खुलवा दिया गया है।