मुरादाबाद लाइनपार के रामलीला मैदान खड़ा होने से पहले गिरा पड़ा रावण।
मुरादाबाद। लाइनपार रामलीला मैदान में सोमवार को रावण का पुतला खड़ा करने के दौरान ही गिर गया। पुतला क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई। गनीमत यह रही कि 50 फुट के इस पुतले की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया। पुतला गिरने की वजह उसका संतुलन बिगड़ जाना बताया गया है।
रावण के गिरने की सूचना पर पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। रामलीला कमेटी के सदस्य संदीप बंसल का कहना है कि रावण के पुतले को क्रेन के जरिए खड़ा करने की कोशिश की जा रही थी। इस दौरान ही एक तरफ का संतुलन बिगड़ने के कारण पुतला गिरा। क्षतिग्रस्त पुतले को सही कर जल्द ही दोबारा खड़ा किया जाएगा। पुतले को सही करने में कारीगर जुट गए हैं।