मुरादाबाद। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के अस्पतालों में जांच की। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अगुवाई में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को तेरह अस्पताल मानकों के विपरीत संचालित होते मिले। अधिकारियों ने तीन अस्पतालों को बंद कराया है। जबकि दस अस्पतालों के संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके प्रेमी के मुताबिक अस्पतालों में मानकों के उल्लंघन की शिकायतों के बाद कार्रवाई हुई है। सोमवार को रामपुर रोड पर जामा मस्जिद के पास संचालित चांद हॉस्पिटल, रामपुर चौराहा स्थिति अलशिफा हेल्थ केयर, जामा मस्जिद टीवीएस एजेंसी के पास संचालित एके हेल्थ केयर और रामपुर रोड पर एकता विहार के पास मैक्स केयर अस्पताल पर जांच की गई। कई मानकों का उल्लंघन होने पर इन सभी अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा जामा मस्जिद ताजपुर में गोल्डन लाइफ हॉस्पिटल, जामा मस्जिद ताजपुर में ही अहमद मेमोरियल हॉस्पिटल एंड मेटरनिटी सेंटर और रामपुर रोड गुलाबबाड़ी चुंगी जीवन रेखा हॉस्पिटल को नोटिस जारी किया गया। कारण रहा कि जो दावे उन्होंने दस्तावेजों में किए थे, वह मौके पर सत्यापित नहीं हो पाए। एकता विहार में संचालित वी केयर हॉस्पिटल, इसी कॉलोनी में समाज हेल्थ केयर और जामा मस्जिद में सलमान हुसैन मोहिनूर पैथोलॉजी में जब टीम पहुंची तो दस्तावेज दिखाने के लिए भी कोई मौजूद नहीं था। इन हालात में तीन अस्पतालों को तत्काल बंद कराया गया है। रामपुर चौराहा स्थित फात्मा क्लीनिक के संचालक ने पंजीकरण का नवीनीकरण न कराने पर नोटिस जारी किया गया है। वहीं ग्रीन लाइफ हेल्थ केयर रामपुर चौराहा और गोविंद राम सैनी हॉस्पिटल को भी अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
हमारी टीम ने रामपुर रोड पर जामा मस्जिद और एकता विहार कॉलोनी में छापे की कार्रवाई की थी। तेरह अस्पतालों में गड़बड़ियां मिली है। नोटिस जारी किए गए हैं। - डॉ. डीके प्रेमी, एसीएमओ