मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने शादी के लिए कहा तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने आरोपी कुलदीप उर्फ दीपक निवासी दुर्गेश नगर थाना कटघर के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, गर्भपात कराना और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कराया है। युवती का कहना है कि आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब भी कुलदीप से शादी के लिए कहा वह टाल मटोल करने लगता था। आरोप है कि उसने युवती का जबरन गर्भपात भी कराया। जब युवती ने शादी के लिए कहा तो उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देने लगा। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सोमवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।