घर रह करें खुदा की इबादत: मुरादाबाद में रमजान मुबारक को लेकर जागरुक करती युवतियां।
मुरादाबाद। रमज़ान के चांद का शाम दीदार हो गया। इसी के साथ रमजान के पाक महीने की शुरूआत हो गई। पहला रोजा शनिवार को होगा। चांद दिखाई देने की तस्दीक शहर इमाम सैयद मासूम अली और नायब इमाम सैयद फहद अली ने की। इसके अलावा शहर की जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों से भी चांद दिखाई देने का एलान किया गया।
शाम होते ही मुस्लिम समुदाय के लोग अपनी छतों पर चांद के दीदार के लिए पहुंच गए। प्रदूषण कम होने के कारण अधिकांश लोगों को चांद साफ दिखाई दे गया। शहर इमाम और नायब इमाम ने रमजान का चांद दिखाई देने की तस्दीक करने के बाद लोगों ने घरों में तरावीह की नमाज पढ़ी और शनिवार को पहला रोजा रखने की तैयारियां भी शुरू कर दी। नायब इमाम ने वीडियो जारी कर भी चांद देखने की तस्दीक की। उन्होंने आवाम से तरावीह की नमाज मस्जिद में न पढ़कर अपने घरों में पढ़ने और मुल्क की तरक्की और कोरोना बीमारी से मुक्ति की दुआ करने की अपील की। नायब इमाम ने घरों में रोजा रखने वालों से सहरी व इफ्तार के दौरान पौष्टिक आहार शामिल करने को कहा है, जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
कोरोना पॉजिटिव मरीज रोजा न रखें : शहर इमाम
मुराबादा। शहर इमाम सैयद मासूम अली ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना पॉजिटिव मुस्लिम मरीजों से रोजा न रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तमाम डाक्टरों से हुई बात के बाद यह निष्कर्ष निकला है कि कोरोना पॉजिटिव मरीज का रोजा रखना उनकी सेहत के लिए ठीक नहीं है। लिहाजा ऐसे मरीज रोजे की कजा करें अर्थात ईद के बाद रोजा रखें। क्योकि ऐसे मरीज माजूर के हुक्म में दाखिल हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से डाक्टरों से भी सलाह मशविरा कर लेने को कहा है।