रामपुर के स्वार सीएचसी में अभिलेखों को देखता विधायक का बेटा
- फोटो : संवाद
विधायक पुत्र के कुर्सी पर बैठकर दिशा निर्देश देने के मामले में सीएचसी प्रभारी से पूछताछ
विधायक पुत्र उमैर अंसारी के सीएचसी प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर दिशा निर्देश देने के मामले में दो सदस्यीय टीम ने स्वार सीएचसी पहुंकर करीब एक घंटे तक प्रभारी से बंद कमरे में पूछताछ की। बुधवार को दो सदस्यीय टीम में पहुंचे डॉ. आरके वर्मा और डॉ. सत्यमूर्ति तोमर ने स्वार सीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव कुमार चंदेल से बंद कमरे में पूछताछ की।
जांच के बाद टीम के सदस्यों से जानकारी मांगी गई तब उन्होंने बताया कि जांच की गई है। रिपोर्ट सीएमओ को प्रेषित की जाएगी। गौरतलब है कि तीन अप्रैल को स्वार विधायक शफीक अहमद अंसारी के बेटे उमैर अंसारी सीएचसी पहुंचे थे।
इस दौरान उनके साथ पुलिस बल भी मौजूद था। वहां पर सीएचसी प्रभारी की कुर्सी बैठकर दिशा निर्देश देते हुए विधायक पुत्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले में सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने दो सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच शुरू करा दी थी।
मामले को तोड़ मरोड़कर विरोधियों ने अनावश्यक रूप से तूल दिया है। मैं उस दिन बाहर था, इसलिए मरीजों से मिली शिकायतों की जानकारी लेने के लिए अपने बेटे को भेजा था, न कि किसी प्रकार का औपचारिक निरीक्षण कराया गया। यदि कोई उनके बेटे का सम्मान करता है तो इसमें किसी को क्या दिक्कत है। - शफीक अहमद अंसारी, विधायक स्वार