रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर हमले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ की हत्या में पुलिस की अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या की जिम्मेदारी झारखंड के रांची निवासी जिस राहुल सिंह नाम के शख्स ने सोशल मीडिया पर ली थी, वह पोस्ट मलेशिया से की गई थी। रामपुर पुलिस ने झारखंड पुलिस से राहुल सिंह के बारे में जानकारी जुटाने लिए संपर्क साधा है। राहुल झारखंड का कुख्यात अपराधी व गैंगस्टर बताया जाता है।
एसपी अनिल सिंह शिशोदिया ने मलेशिया से सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि झारखंड पुलिस ने राहुल के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी कर रखा है। पुलिस यह पड़ताल करने में भी जुटी है कि रामपुर में हुई हत्या के पीछे इसी शख्स का हाथ है या नहीं। या किसी ने नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश तो नहीं की है। फिलहाल ऐसे कोई पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं जिससे इस हत्या के तार राहुल से जोड़े जा सकें।
दरअसल, 2007 में सीआरपीएफ कैंप पर हमले के आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ की थाने से हाजिरी लगाकर निकलने के बाद खजुरिया थाने से 500 मीटर दूर बाइक सवार दो नकाबपोशों ने 10 नवंबर को गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह अपने बेटे के साथ बाइक से थाने में हाजिरी लगाने गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आठ गोलियां लगने की पुष्टि हुई थी। घटना के एक दिन बाद बुधवार को सोशल मीडिया पर राहुल सिंह नाम की आईडी से एक पोस्ट वायरल हुई थी। इसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी। इसी बीच झारखंड के कुख्यात अपराधी राहुल सिंह का नाम सामने आने से मामले का अंतरराज्यीय कनेक्शन चर्चा में आ गया है।
इस बीच पुलिस की छह टीमें बरेली और उत्तराखंड तक दबिश दे रही हैं। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फोन कॉल की डिटेल भी खंगाली जा रही है। शरीफ के गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हर आने जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।
झारखंड में रंगदारी और गोलीबारी से बना नेटवर्क
पुलिस को जानकारी मिली है कि राहुल सिंह का नाम झारखंड के उन आपराधिक नेटवर्कों में शामिल बताया जाता है, जिनकी गतिविधियां कोयला, बालू और जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों के इर्द-गिर्द रही हैं। उसके गैंग पर रंगदारी वसूली और गोलीबारी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप हैं। रांची समेत झारखंड के कई जिलों में गैंग के खिलाफ हत्या और रंगदारी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं।
वायरल पोस्ट को लेकर जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई पुख्ता सुबूत नहीं मिले हैं, जिससे इसके तार इस घटना से जोड़े जा सकें। अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट मलेशिया से की गई थी। रामपुर पुलिस झारखंड पुलिस के संपर्क में है। झारखंड पुलिस की ओर से राहुल सिंह के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस भी जारी किया जा चुका है। पुलिस इस पोस्ट में किए गए दावों की पूरी गंभीरता से जांच में जुटी है। शरीफ हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।-अनिल सिंह शिशोदिया, एसपी-रामपुर
थाने से 500 मीटर दूर हत्या... तीसरे दिन भी आरोपी पकड़ से दूर
रामपुर के बिलासपुर के खजुरिया थाने से करीब 500 मीटर दूर खजुरिया-गोधी रोड पर सीआरपीएफ हमले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ खां की गोली मारकर हत्या के मामले में तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी पुलिस हत्यारोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस की छह टीमें आरोपियों की पहचान के लिए थाना क्षेत्र के साथ ही बरेली और उत्तराखंड में भी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। संदिग्ध स्थानों पर दबिश भी दी गई लेकिन पुलिस अभी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक के पुत्र और घटना के चश्मदीद गवाह अबू बाइज ने बताया था कि बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद अपाचे बाइक से गोधी गांव की ओर भागे थे।
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बरेली और उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के प्रमुख कस्बों को जाने वाले मार्गों के किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तीसरे दिन भी खंगाली। जिला और थाना स्तर की पुलिस टीमों ने संदिग्ध स्थानों पर दबिश भी दी।
जांच के दौरान पुलिस के सामने कई सवाल हैं। शरीफ को आठ गोलियां मारी गईं, लेकिन बाइक चला रहा उनका पुत्र अबू बाइज सुरक्षित कैसे बचा? यदि हमलावर बाहरी थे तो उन्होंने नकाब क्यों बांधे थे? हमलावरों ने पनवड़िया गांव के समीप ही वारदात को क्यों अंजाम दिया, जबकि खजुरिया थाने से शरीफ के गांव तक कई ऐसे सुनसान स्थान हैं, जहां आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं? इसके बावजूद उन्होंने खजुरिया-गोधी रोड को क्यों चुना, जहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है?
हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाले राहुल सिंह की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या शरीफ की पहले से रेकी की जा रही थी और इसकी जानकारी परिजनों या ग्रामीणों को क्यों नहीं हुई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। खुफिया तंत्र भी मामले की गहराई से छानबीन कर रहा है। सीओ पीपी सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
सपा नेता विर्क ने जताया अफसोस
सपा नेता और तराई किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह विर्क ने बृहस्पतिवार को आकिलपुर गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इसके अलावा पूरे दिन मृतक के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। हर कोई गमगीन परिजनों को ढांढस बंधाता रहा। गांव की गलियों में भी सन्नाटा पसरा रहा।
कई बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीफ के शरीर में आठ गोलियां लगने की जानकारी मिली है। माना जा रहा है कि गोलियां पिस्टल या रिवॉल्वर से चलाई गई हैं। पुलिस मृतक के परिचितों, परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले शरीफ की किसी से कहासुनी या विवाद तो नहीं हुआ था। संभावित रंजिश, आपसी विवाद और अन्य कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हत्या के तरीके से पुलिस मान रही है कि हमलावरों ने पूर्व नियोजित तरीके से शरीफ को निशाना बनाकर करीब से गोली मारी थी। हत्या के बाद पुलिस की सभी टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
ऐसे हुई थी वारदात
खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम अकिलपुर उर्फ बदनपुरी निवासी मोहम्मद शरीफ खां की मंगलवार शाम दो बाइक सवारों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह खजुरिया थाने में हाजिरी लगाकर बाइक से लौट रहे थे। वह अपने बेटे मोहम्मद वाइज खां के साथ बाइक से थाने गए थे। थाने से महज 500 मीटर दूर पहुंचते ही पीछे से आई बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने शरीफ को गोलियों से भून दिया था। बाइक उनका बेटा वाइज चला रहा था। वारदात के बाद परिजनों ने हत्या को योजनाबद्ध बताते हुए पुलिस पर आरोप लगाए थे।
पुलिस के अनुसार, फांसी की सजा से बरी होने के बाद शरीफ की समय-समय पर थाने में हाजिरी निर्धारित की गई थी। सीआरपीएफ कैंप पर हमले के मामले में रामपुर की सेशन कोर्ट से फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था। मंगलवार को उन पर आठ गोलियां दागी गई थीं। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे के बीच शरीफ के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव में तीसरे दिन भी पसरा सन्नाटा
हत्या की वारदात के बाद से अकिलपुर गांव में तीसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। पहले जिन गलियों में सुबह से शाम तक लोगों की चहल-पहल रहती थी, वहां अब लोग जरूरत पड़ने पर ही निकल रहे हैं। गांव के लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं, लेकिन खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। कई ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले कभी इस तरह की वारदात नहीं हुई। थाने के इतने करीब हुई हत्या ने सभी को हिला कर रख दिया है। महिलाएं और बच्चे भी सहमे हुए हैं। गांव के चौक-चौराहों पर अब पहले जैसी बैठकी नहीं लग रही है। लोग घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं।
हर आने-जाने वाले पर पुलिस की नजर
घटना के बाद से पुलिस ने मृतक के घर के बाहर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। घर के बाहर पुलिस बल तैनात है, जो हर आने-जाने वाले पर नजर रख रहा है। गांव में भी पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह व्यवस्था की गई है। वहीं, खुफिया तंत्र भी गांव में सक्रिय है और लोगों से बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी जुटा रहा है।
पुलिस इस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है। जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी। अभी तक परिवार का कोई सदस्य बोलने को तैयार नहीं है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। -अनुराग सिंह, एएसपी