मुरादाबाद के कटघर में राज्यरानी एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से ट्रेन डेढ़ घंटे देरी से रामपुर पहुंची। दूसरा इंजन भेजकर ट्रेन को रेलवे स्टेशन तक लाया गया। इस कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। मेरठ से लखनऊ जा रही राज्यरानी एक्सप्रेस मुरादाबाद में ठहराव के बाद कटघर से निकल रही थी।
तभी उसका इंजन फेल हो गया और ट्रेन रुक गई। कर्मचारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद रामपुर से दूसरा इंजन भेजकर ट्रेन को रामपुर लाया गया। ट्रेन अपने निर्धारित समय 10:13 बजे के बजाय 11:42 बजे रामपुर पहुंची। यात्रियों को धूप और गर्मी में पेयजल के सहारे राहत लेनी पड़ी।
बृहस्पतिवार को भी सात ट्रेनें देरी से स्टेशन पहुंचीं। इनमें काशी विश्वनाथ, दून एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस और सत्याग्रह एक्सप्रेस शामिल थीं। डाउन गाड़ी काशी विश्वनाथ और जनसेवा एक्सप्रेस भी विलंब से पहुंचीं। एप के जरिए मिली जानकारी के अनुसार, रात की अन्य ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं।
पिछले दो हफ्तों से ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। लखनऊ, शाहजहांपुर और बरेली की तरफ ट्रैक पर काम चल रहा है, जिससे ट्रेनों के आने में देरी हो रही है। इंजन फेल होने के कारण राज्यरानी एक्सप्रेस को दूसरा इंजन भेजकर रवाना किया गया।
-मो. आजम, स्टेशन अधीक्षक