मुरादाबाद। पीपलसाना के नेकपुर में पुलिया क्षतिग्रस्त होने की वजह से रामनगर जाने वाली बसें 20 किमी घूमकर जा रही हैं। बसें मुरादाबाद-भोजपुर-ठाकुरद्वारा-काशीपुर-रामनगर रूट से न चलकर मुरादाबाद-सिरसवां दोराहा-डूंगरपुर-ठाकुरद्वारा-काशीपुर-रामनगर जा रही हैं। इसकी वजह से यात्रियों की संख्या घट गई है। इस रूट पर चलने वाली बसों से रोडवेज को प्रतिदिन करीब 25 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मुरादाबाद से रामनगर के लिए 22 बसों का संचालन किया जाता है। तीन दिन से बसें बदले रूट से रामनगर जा रही हैं। हालांकि किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। नेकपुर में पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण बसों के संचालन का गणित पूरी तरह से बिगड़ गया है। परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि रूट डायवर्जन कर दिया गया है। बसों को घूमकर जाने की वजह से निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
भोजपुर के स्थानीय यात्रियों को सीधी बस सेवा नहीं मिल रही है। इसकी वजह से यात्री डग्गामार वाहनों से जाने को मजबूर हैं। भोजपुर से रामनगर जाने वाले यात्री भी प्राइवेट वाहनों का सहारा ले रहे हैं।
वर्जन..
नेकपुर की पुलिया क्षतिग्रस्त है। प्रशासन द्वारा दोहरी नीति अपनाई जा रही है। प्रशासन के द्वारा नेकपुर से निजी बसों व वाहनों को ठाकुरद्वारा-काशीपुर-रामनगर जाने दिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से केवल रोडवेज की बसों को रोका जा रहा है। रोडवेज की बसों को प्रतिदिन काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
- नवीन कुमार गुप्ता, एआरएम फाइनेंस, मुरादाबाद परिक्षेत्र