मुरादाबाद। लाइनपार की 112 वर्ष पुरानी रामलीला का शुक्रवार को खाटू श्याम संकीर्तन के साथ आगाज हो गया। दोपहर में श्री रामलीला मैनेजिंग कमेटी के पदाधिकारियों ने मुकुट पूजन व कलाकारों का सत्कार किया। शाम को स्थानीय कलाकारों ने बाबा खाटू श्याम के भजनों से भक्ति कार्यक्रम की शुरुआत की। शनिवार से रामलीला का मंचन शुरू किया जाएगा।
पहले दिन नारद मोह, महर्षि वाल्मीकि द्वारा रामायण की रचना व रावण जन्म का मंचन किया जाएगा। कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि 112 वर्ष का इतिहास समेटे हुए शहर की पुरानी रामलीला लोगों को इस बार भी श्रीराम के आदर्शों से जोड़ेगी। रथयात्रा का आयोजन वर्षों पहले की तरह होलिका मंदिर से किया जाएगा, जबकि श्री राम-केवट संवाद का आयोजन रामगंगा के तट पर किया जाएगा।
रामलीला शुरू होने के साथ लाइनपार रामलीला मैदान में लगने वाला मेला भी खचाखच भर गया है। स्थानीय लोग शाम को परिवार के साथ मेले में पहुंच रहे हैं। दो दिन पहले हुई बारिश के कारण जलभराव की समस्या का सामना उन्हें करना पड़ रहा है। श्री रामलीला मैनेजिंग कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रशासन व निगम के सहयोग से जलभराव की समस्या खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर कमेटी के पदाधिकारी प्रकाश बसंल, सुरेंद्र अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, रोहित बंसल, रॉबिन अग्रवाल, संदीप बंसल आदि मौजूद रहे।