बिलारी। क्षेत्र के सहसपुर राजमहल में मंगलवार देर रात से नारद मोह प्रसंग के साथ रामलीला शुरू हो गई। उधर बिलारी नगर के मंदिर पौड़ाखेड़ा में रामलीला का मंचन देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
सहसपुर राजमहल में सहसपुर राज परिवार की रानी रीना कुमारी की ओर से अनेक वर्षों से रामलीला मंचन कराया जा रहा है। मंगलवार शाम राजमहल पहुंची प्रदेश सरकार की पूर्व मंत्री रानी रीना कुमारी ने रामलीला कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान रामलीला व्यवस्था कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा और संजू गुप्ता आदि भी मौजूद रहे। झांसी के ओरछाधाम से आए रामराजा आदर्श रामलीला कमेटी के कलाकारों ने उत्तम कुमार के निर्देशन में रामलीला का मंचन किया। पहले दिन पूजा अर्चना और आरती के बाद नारद मोह प्रसंग का मंचन हुआ। उधर नगर के मंदिर पौड़ाखेड़ा में सनातन धर्मार्थ ट्रस्ट के तत्वावधान में चल रही रामलीला में श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी द्वारा शंकर पार्वती संवाद, प्रभु श्रीराम जन्म, विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध आदि प्रसंग का मंचन किया गया। मंचन में गौरव शर्मा ने राम,चंद्रशेखर मिश्रा ने विश्वामित्र, सुनील मिश्रा गुरु वशिष्ठ, अतुल शर्मा ने राजा दशरथ, अर्थव मिश्रा ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई। रामलीला मंचन का निर्देशन अखिलेश चंद्र एडवोकेट ने किया और व्यास प्रभाकर शर्मा ने सहयोग किया। अंत में ट्रस्ट के अध्यक्ष पंकज चौहान ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।