कांठ। नगर में मुख्य मार्ग के किनारे पेट्रोल पंप तिराहा पर पुलिया का निर्माण नहीं होने से बारिश का पानी दुकानों और घरों में घुस रहा है, जिससे दुकानदारों और लोगों को भारी परेशानी हो रही है, नाले के उफनाने से पानी और कीचड़ दुकानों व घरों के आगे फैल रही है।
कांठ नगर में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग के किनारे कुमार पेट्रोल पंप तिराहा पर स्थित पुलिया काफी छोटी और बंद होने से इसमें बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है, इस पुलिया से होकर ही कई पाइप भी गुजर रहे हैं, जिससे नाले का कूड़ा पाइपों में फंसने से पानी की निकासी पूरी तरह से बंद हो जाती है और नाले के उफनाने से पानी दुकानों व घरों के आगे फैल जाता है। इस पुलिया से होकर ही रेलवे स्टेशन रोड, नवादड़ी, पुराना बस स्टैंड, डीएसएम इंटर कॉलेज रोड आदि स्थानों का पानी निकलता है, लेकिन लाख मांगों के बाद भी बड़ी पुलिया का निर्माण नहीं हो पा रहा है, प्रतिवर्ष बरसात के मौसम में लोगों को पुलिया के बंद होने से परेशानी उठानी पड़ती है।
सोमवार को हुई आधे-घंटे की बारिश में ही पुलिया के चौक होने से नाला उफना गया, जिससे बारिश का पानी और नाले की कीचड़ दुकानों व घरों के आगे फैल गई। खुर्शीद अहमद, फईम अहमद, शाकिर सैफी, जाहिर हुसैन, वकील अहमद, शैलेश गुप्ता, महेशचंद्र गुप्ता, सुरेश चौहान, बबली यादव, हरि सिंह याद, आशु यादव आदि ने पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है।