अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। बारिश के अलर्ट को देखते हुए मुरादाबाद में 12वीं तक के सभी विद्यालय शनिवार को बंद रहेंगे। मुरादाबाद, रामपुर और अमरोहा में बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को अवकाश के आदेश जारी किए। आदेश सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ अन्य बोर्डों के स्कूलों पर भी लागू रहेगा।
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ कई इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम में बदलाव का असर शुक्रवार से ही दिखाई दिया और मंडल के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर 28 सितंबर तक जारी रह सकता है। डीआईओएस रितु तोमर द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि बच्चों की सुरक्षा और बारिश के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए शनिवार को शिक्षण कार्य स्थगित किया गया है। विद्यालयों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से भी मौसम को देखते हुए बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजने की अपील की