मुरादाबाद। रेलवे अपनी आय व व्यापार को बढ़ावा देने के लिए अब धार्मिक स्टेशनों पर पूजन सामग्री बेचेगा। इसकी शुरुआत रेल मंडल के हरिद्वार स्टेशन से की जाएगी। योजना सफल रही तो ऋषिकेश, नैमिषारण्य, मुरादाबाद जैसे स्टेशनों पर भी पूजन सामग्री कियोस्क लगाए जाएंगे। रेलवे ने हरिद्वार में पूजा सामग्री कियोस्क लगाने के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं।
इसके अलावा मुरादाबाद, बरेली, देहरादून व हरिद्वार रेलवे स्टेशनों पर मेडिकल आउटलेट खोले जाएंगे। किसी भी यात्री को यदि ट्रेन में कोई स्वास्थ्य समस्या हो तो वह इन स्टेशनों पर उतरकर दवा ले सकेगा। साथ ही रेलवे के डॉक्टरों का परामर्श भी उन्हें स्टेशन पर मिल जाएगा। इसके लिए 139 डायल कर रेल मदद पर संपर्क करना होगा। इन मेडिकल आउटलेट के अलावा जन औषधि केंद्रों की संख्या भी बढ़ाने की तैयारी है। अब तक योगनगरी ऋषिकेश व हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर जन औषधि केंद्र संचालित हैं। अब इसे बरेली में भी शुरू करने के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।
ट्रेनों की पुरानी बोगियों को रेलवे कोच रेस्टोरेंट के रूप में विकसित कर रहा है। हरिद्वार व बरेली में यह काम शुरू हो गया है। अब अगला रेल कोच रेस्टोरेंट रायवाला में शुरू किया जाएगा। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि इन सभी कार्यों के लिए एक साथ टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। इनमें पूजन सामग्री कियोस्क नई पहल है। हरिद्वार स्टेशन धार्मिक दृष्टि से बड़ा है। वहां हर राज्य से श्रद्धालु आते हैं। इसलिए शुरुआत वहीं से की जा रही है।