ुरादाबाद। कुंभ मेले के आयोजन को लेकर उत्तराखंड सरकार की ओर से कोई पत्र जारी नहीं किया गया है। मेले का आयोजन होगा या नहीं इसे लेकर फिलहाल सस्पेंस बरकरार है। इसके बावजूद हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने हरिद्वार जाने वाली सभी ट्रेनोंको बहाल करने की तैयारी कर ली है। कोरोना के कारण बंद की गईं हरिद्वार की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें अब जल्द ही शुरू हो जाएंगी।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार बेशक कम हुई है पर उत्तराखंड सरकार अभी मेले के आयोजन को लेकर स्पष्ट स्थिति में नहीं है। रेलवे को अभी तक कोई आधिकारिक पत्र या निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। इसके बावजूद रेलवे ने मेले को लेकर अपनी पूरी तैयारी कर ली है। मुरादाबाद से हरिद्वार के बीच सामान्य दिनों में 18 से 20 ट्रेनें चलती थीं। जिन्हें अब बहाल किया जा रहा है। रेलवे का मानना है कि मेले का आयोजन यदि पिछली बार की तरह नहीं हुआ फिर भी श्रद्धालु स्नान के लिए आएंगे। इसको देखते हुए इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों को हरी झंडी दी गई है। डीआरएम तरुण प्रकाश ने बताया कि 11 जनवरी से 18 ट्रेनें चलाई जाएंगी जोकि कोरोना काल में रद्द की गई थीं। इसके अलावा मुरादाबाद से हरिद्वार के बीच चलने वाली अन्य ट्रेनों को जल्द बहाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले के आयोजन को निश्चित मानते हुए रेलवे ने पूरी तैयारी की है।