नजर नहीं आ रही समायोजन की राह, बसें अभी भी खड़ीं
रामपुर। रोडवेज डिपो में परिचालकों की भारी कमी के चलते यात्री सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। डिपो में मौजूद 108 बसों में से 20 बसें परिचालकों की कमी के कारण खड़ी हैं। डिपो में 208 चालक और 208 परिचालकों की आवश्यकता है लेकिन वर्तमान में केवल 117 चालक और मात्र 102 परिचालक हैं।
इस कमी को दूर करने के लिए प्रशासन ने मुरादाबाद डिपो के साथ समायोजन का प्रस्ताव रखा था, क्योंकि वहां चालकों की कमी है और यहां परिचालकों की। हालांकि, मुख्यालय में पत्राचार के बावजूद अब तक यह समायोजन शुरू नहीं हो सका है। इस देरी का सीधा असर बसों की हालत पर पड़ रहा है।
लंबे समय तक खड़ी रहने और उचित देखरेख के अभाव में कई बसों के पुर्जे खराब होने लगे हैं। कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रात भर डिपो में खड़ी रहने के कारण कुछ बसों के शीशे तक चोरी हो चुके हैं। डिपो प्रभारी रामप्रकाश ने बताया कि समायोजन के लिए बातचीत जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही परिचालक उपलब्ध हो जाएंगे।