मुरादाबाद। रेलवे की विभागीय प्रोन्नति परीक्षाएं भी अब कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के जरिये होंगी। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ही अब प्रोन्नति परीक्षाएं भी कराएगा। पेपर भी बोर्ड स्तर से ही बनाया जाएगा। मंडल मुख्यालयों की जिम्मेदारी सिर्फ परीक्षा के लिए व्यवस्थाएं बनाने की रहेगी। इससे सिस्टम में पारदर्शिता आएगी और योग्य कर्मचारियों को पदोन्नति का मौका मिल सकेगा।
इस संबंध में 26 मई को रेेलवेे बोर्ड की ओर से पत्र जारी किया गया है। मार्च 2025 में मुगलसराय में सीबीआई ने विभागीय परीक्षाओं में सेटिंग के खेल को पकड़ा था। इसके बाद से रेलवे ने सभी प्रकार की विभागीय पदोन्नति पर रोक लगा दी थी। इसके बाद शीर्ष स्तर पर मंथन हुआ और सभी परीक्षाएं सीबीटी के जरिये कराने पर सहमति बनी।
मुरादाबाद में भी पांच साल पहले धांधली की आशंका में 37 टीसी का चयन रद्द हुआ था। अब कर्मचारी इसे अच्छी पहल के रूप में ले रहे हैं। रेलवे बोर्ड ने पत्र में कहा है कि टेस्ट रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से जोनल व मंडल स्तर पर आयोजित होंगे। इसके लिए एग्जामिनेशन कंडक्टिंग एजेंसी बनाई जाएगी। मंडल स्तर पर इसके नोडल अधिकारी सीनियर डीपीओ होंगे और जोनल स्तर पर जिम्मेदारी डिप्टी सीपीओ के पास रहेगी।
पेपर सेट करने की जिम्मेदारी चयन समिति के तीन सदस्यों में से किसी एक के पास रहेगी। एक्जामिनेशन कंडक्टिंग एजेंसी ही प्रश्नपत्र ट्रैकर व परिणाम तैयार करेगी।
मंडल या जोनल स्तर पर बनी चयन समिति द्वारा परीक्षा में पास हुए कर्मचारियों को नियुक्ति दी जाएगी।