मुरादाबाद। वर्ष 2027 में मुरादाबाद रेल मंडल के हरिद्वार में अर्धकुंभ का आयोजन होने जा रहा है। इस विशेष आयोजन के लिए रेलवे ने किसी अफसर को अतिरिक्त प्रभार न देते हुए मेला अधिकारी का नया पद सृजित कर दिया है। मेला अधिकारी के पद पर आईआरटीएस चेतन तनेजा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चेतन अब तक मुरादाबाद मंडल में सीनियर डीओएम (जी) के पद पर तैनात थे।
इससे पहले उन्होंने बतौर सीनियर डीसीएम फ्रेट मुरादाबाद मंडल में मालढुलाई बढ़ाने पर भी काम किया है। मेले से जुड़ी सभी जिम्मेदारियां उन्हें दी गई हैं। उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ समन्वय करना। अर्धकुंभ के लिए हरिद्वार स्टेशन पर होने वाले विकास कार्यों की मॉनिटरिंग और मेले के दौरान यात्री सुविधाओं से जुड़े तमाम बिंदु उन्हें देखने होंगे। इसके अलावा सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता को सीनियर डीओएम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पैसेंजर मैनेजमेेंट और वाणिज्य संबंधी सेवाएं देखने वाले अधिकारी आदित्य अब परिचालन की कमान संभालेंगे। सीनियर डीओएम आशीष सिंह का तबादला डिप्टी सीओएम के पद पर दिल्ली मुख्यालय हो गया है। वहीं सीनियर डीसीएम के तौर पर आईआरटीएस अधिकारी महेश यादव को नई तैनाती मिली है। महेश अब तक रेल मुख्यालय में डिप्टी सीओएम पर तैनात थे। इन सभी अधिकारियों के तबादले से संबंधित पत्र उत्तर रेलवे की महाप्रबंधक कार्मिक मनीषा रावत ने जारी किया है।