फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: रेलवे, सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की नींद गहरी, जनता रोज भुगत रही सजा

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। डबल फाटक पुल पर जाम की समस्या शहरवासियों के लिए रोज की सिरदर्दी बन चुकी है लेकिन जिम्मेदार विभागों के पास न तो कोई जवाब है और न ही कोई ठोस समाधान। रेलवे, सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर निगम, इन सभी के अधिकार क्षेत्र इस पुल और इसके आसपास की व्यवस्था से सीधे तौर पर जुड़े हैं लेकिन किसी भी विभाग ने भी जाम से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाया। न ही कोई मजबूत योजना ही तैयार की गई है। आलम यह है कि हर सुबह और शाम इस पुल पर गाड़ियों की कतारें लग जाती हैं और स्कूली बच्चे व मरीज भी इस जाम का शिकार बनते हैं। सेतु विभाग के परियोजना निदेशक शशि प्रकाश का कहना है कि पूर्व में एक और पुल बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था लेकिन पंडित नगला बाईपास पुल बनने की वजह से इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिल पाई थी। 00
विज्ञापन


- रेलवे और सेतु निगम : 40 साल पुराने पुल की सुध नहीं
डबल फाटक पुल की उम्र अब चार दशक से अधिक हो चुकी है। यह पुल रेलवे ट्रैक के ऊपर बना है लेकिन अब तक न रेलवे विभाग ने इसे मजबूत करने या चौड़ा करने की योजना बनाई न ही सेतु निगम ने दूसरा विकल्प तैयार किया। रेलवे की स्वीकृति के बिना सेतु निगम नया पुल नहीं बना सकता और रेलवे की ओर से भी इस पुल का दबाव कम करने के लिए दूसरे पुल के विकल्प पर ठोस योजना नहीं बनाई गई। करीब 600 मीटर लंबे इस पुल से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं जबकि इसकी चौड़ाई उस समय की यातायात क्षमता के हिसाब से बनाई गई थी जब शहर की आबादी आधी थी। रेलवे और सेतु विभाग ने कई बार केवल मरम्मत करवा दी लेकिन नया पुल या डबल लेन की योजना पर अबतक कोई कार्य नहीं हुआ है। नतीजे के रूप में मौजूदा पुल अब शहर की ट्रैफिक जरूरतों को झेल नहीं पा रहा है और रोजाना लोग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं।
00


- लोक निर्माण विभाग : नहीं कराया सड़कों का चौड़ीकरण
पुल से उतरते ही दोनों ओर की सड़कें इतनी संकरी हैं कि दो चारपहिया वाहन आमने-सामने आ जाएं तो ट्रैफिक थम जाता है। यह क्षेत्र लोक निर्माण विभाग के अधीन आता है। विभाग ने पुल से ईदगाह रोड और करुला रोड को जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण भी जरूरत के मुताबिक नहीं कराया है। न ही फुटपाथों पर बने अतिक्रमण हटाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ी हो जाए तो जाम आधे से ज्यादा खत्म हो सकता है लेकिन पीडब्ल्यूडी ने वर्षों से इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं किया। पुल से निकलने पर सड़क की चौड़ाई कम होने के चलते वाहनों की गति धीमी पड़ जाती है जिससे पीछे लंबा जाम लग जाता है।
विज्ञापन

00


- नगर निगम : अतिक्रमण पर सख्ती नहीं
डबल फाटक पुल से उतरते ही ईदगाह और करुला की ओर दोनों तरफ अवैध दुकानें और ठेले सड़कों तक फैले हैं। नगर निगम के पास अतिक्रमण हटाने का अधिकार है लेकिन कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित है। निगम की टीम जब अतिक्रमण हटाती है तो कुछ राहत मिलती है लेकिन दुकानदार फिर से सड़क घेर लेते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटेगा जाम से राहत नहीं मिलेगी। पुल से उतरते ही 20 से 25 मीटर तक सड़क इतनी सिकुड़ जाती है कि बड़ी गाड़ियां निकल नहीं पातीं है और इससे पीछे पूरी लाइन ठहर जाती है।
00


- यातायात विभाग : सिपाहियों की तैनाती नाकाफी
यातायात व्यवस्था संभालने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी ट्रैफिक पुलिस की है लेकिन हकीकत यह है कि पुल की यातायात को संभालने के लिए केवल पांच सिपाही ही नजर आते हैं। करुला की ओर दो और संभल चौराहे की ओर तीन सिपाही पूरी ट्रैफिक व्यवस्था संभालते हैं। लोगों का आरोप है कि अक्सर उनका ध्यान बिना हेलमेट गुजरने वालों पर चालान करने में रहता है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में जब जाम चरम पर होता है तो ट्रैफिक संभालने वाला कोई नहीं दिखता। अवैध ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंडों पर भी कार्रवाई नहीं हो रही। नतीजा यह होता है कि वाहन सड़क पर ही सवारियां बिठाते हैं और पूरी लेन बंद कर देते हैं। इससे भी लंबा जाम लग जाता है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें