मुरादाबाद। भोजपुर थानाक्षेत्र में गोट में सोमवार की रात हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश आसिफ उर्फ टिड्ढा और दीनू ने एसएसपी सतपाल अंतिल और एसटीएफ के एएसपी ब्रजेश सिंह पर 32 बोर की पिस्टल से गोलियां चलाईं थीं। दो गोलियां एसएसपी की बुलेटप्रूफ जैकेट और एक गोली एएसपी की बुलेट प्रूफ जैकेट में फंसी मिली हैं। इस मामले में भोजपुर थाने में केस दर्ज किया गया है जिसमें एसएसपी खुद वादी बने हैं।भोजपुर थाने में दर्ज किए गए केस में एसएसपी ने बताया कि सोमवार की शाम कटघर क्षेत्र में अपने पीआरओ आशीष कुमार और हमराहों के साथ कटघर क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एसटीएफ के एएसपी ब्रजेश सिंह ने कॉल कर बताया कि कटघर के बरवाला माजरा निवासी मो. जफर से एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले मेरठ निवासी आसिफ उर्फ टिड्ढा और दीनू मौजूद हैं वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद सभी टीमें भोजपुर क्षेत्र में गोट अंडर पास के पास लग गईं। इसी दौरान बदमाशों की कार आई। एसटीएफ की टीम ने चालक से कार रोकने का इशारा किया लेकिन उसने कार नहीं रोकी। दोनों बदमाशों ने खुद को घेरा देखकर गोलियां चला दीं। दस मिनट चली इस मुठभेड़ दोनों बदमाश घायल हो गए जिनकी पहचान आसिफ और दीनू के रूप में हुई। इलाज के दौरान दोनों की जिला अस्पताल में मौत हो गई। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि भोजपुर थाने में आसिफ और दीनू के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1), 352 आयुध अधिनियम 1959 की धारा 3,25 और 27 में केस दर्ज किया गया है।