मुरादाबाद। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेन से कटकर रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। रेलवे कर्मी की मौत की खबर से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
मझोला थानाक्षेत्र के खुशहालपुर निवासी मनोज कुमार (35) रेलवे विभाग में केबिन मैन के पद पर कार्यरत थे। उनकी तैनाती मुरादाबाद रेल मंडल में किरतपुर रेलवे स्टेशन पर थी। शुक्रवार को वह अकाल तख्त एक्सप्रेस से मुरादाबाद लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के आउट पर ट्रेन धीमी हुई थी। इसी दौरान मनोज ट्रेन से उतरने लगे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर गए। जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिस जगह हादसा हुआ था। वो क्षेत्र सिविल लाइंस में आता है। इसके बाद सिविल लाइंस थाना प्रभारी को सूचना दी गई। थाना प्रभारी सहंसवीर सिंह ने बताया कि शव कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराई गई। उसकी जेब से आईडी कार्ड मिला था। जिससे मृतक की पहचान मनोज के रूप में हुई। सूचना मिलने पर मनोज के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।