मुरादाबाद। आगामी हरिद्वार महाकुंभ 2021 को लेकर मुरादाबाद रेल मंडल में तैयारियां चल रही हैं। रेलवे इन दिनों विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर तरह तरह की व्यवस्थाएं करने में लगा हुआ है। चूंकि उत्तराखंड के कुछ रेलवे स्टेशन मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आते हैं। इसलिए इन स्टेशनों पर की जा रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंडल रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश ने एक समीक्षा बैठक आयोजित की। उनके द्वारा विभिन्न स्टेशनों जैसे हरिद्वार, ऋषिकेश, ज्वालापुर, रायवाला, मोतीचूर आदि पर चल रहे निर्माण एवं अन्य कार्यों की समीक्षा की गई। डीआरएम ने विकास कार्यों में जुटे अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त कार्य नियत समय से पूर्ण कर लिए जाएं।
महाकुंभ 2021 के तहत किए जाने वाले कार्यों का विवरण
- लक्सर, एथल, पथरी, इक्कर, ज्वालापुर और रायवाला रेलवे स्टेशनों पर लगेंगे सीसीटीवी
- हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर बाउंड्री वाल और नया प्रवेश व निकास द्वार बनेगा
- हरिद्वार स्थित पुरुषार्थ मार्केट से स्नानाघाट की दीवार का निर्माण
- मनसा देवी मंदिर के फुट ओवर ब्रिज का जीर्णोद्धार
- पुरुषार्थ मार्केट, ज्वालापुर, मोतीचूर व ऋषिकेश में नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण
- रुड़की, हरिद्वार, एथल, पथरी, ज्वालापुर, ऋषिकेश, मोतीचूर स्टेशनों पर यात्री विश्राम गृह का विकास कार्य
- रुड़की, एथल, पथरी, मोतीचूर, ऋषिकेश स्टेशनों पर प्लेटफार्म की सतह का विकास
- रुड़की, हरिद्वार, मोतीचूर, एथल, पथरी स्टेशनों के प्लेटफार्मों पर यात्रियों के लिए शेल्टर लगाया जाएगा
डीआरएम ने सभी सावधानियों एवं निर्देशों का पालन करते हुए उक्त सभी कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस संबंध में उत्तराखंड सरकार द्वारा नियुक्त मेला अधिकारी के साथ एक समन्वय बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी शाखा अधिकारियों ने अपने अपने विभागों में चल रहे कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में ़एडीआरएम इंफ्रा एनएन सिंह, सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा एवं अन्य शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी हाेंगे काम
मुरादाबाद-सहारनपुर प्रखंड पर स्थित पुरैनी रेलवे स्टेशन पर डाउन लूप लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए अगले तीन दिन (14, 15, 16 अक्तूबर) में पुरैनी स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकड के कार्य को ब्लॉक लेकर किया जायेगा। इसके लिए 14, 15 एवं 16 तारीख को क्त्रस्मश: 6, 5 एवं 3 घंटे के ब्लॉक लिए जाएंगे। इन ब्लॉक में किसी पैसेंजर ट्रेन के कैंसलेशन या रेगुलेशन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि डाउन लूप लाइन शुरू होने के बाद मुरादाबाद की तरफ आने गाड़ियों की पुरैनी स्टेशन पर क्रासिंग हो सकेगी जिससे सेक्शन की लाइन क्षमता में बढ़ोत्तरी होगी।