विस्टाडोम कोच में बैठकर ले सकेंगे पर्वतीय नजारों का आनंद
कश्मीर घाटी में रेल यात्रा के लिए रेलवे ट्रेनों में विस्टाडोम कोच लगाने की योजना बना रहा है। इन बोगियों में छत शीशे व मजबूत फाइबर की बनी होती है। यात्रियों को बाहर के दृश्य व ऊंचे-ऊंचे पहाड़ स्पष्ट दिखाई देते हैं।
बनिहाल से संगलदान तक 48 किमी. के हिस्से में 11 सुरंग और 16 पुल बनाए गए हैं। यूएसबीआरएल का काम पूरा होने के बाद कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेल कनेक्टिविटी हो जाएगी।
इसी रेलमार्ग पर है आर्क ब्रिज
ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक पर ही चिनाब ब्रिज बनाया गया है। यह दुनिया का सबसे ऊंचा आर्क ब्रिज है। इस पुल की ऊंचाई 1000 फीट से ज्यादा है और यह 1315 मीटर लंबा है। रेलमंत्री ने कहा कि इस पुल के ऊपर से जब ट्रेन गुजरेगी तो यात्रियों के लिए एक अलग अनुभव होगा। 28 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना में 272 किमी तक रेलवे ट्रैक बिछाया गया है।
यूएसबीआरएल परियोजना पर काम करने के लिए एक अलग इकाई बनाई गई है। काम अंतिम चरण में है। बहुत जल्द यात्री कश्मीर तक ट्रेन से जा सकेंगे। मुरादाबाद होकर जम्मू तक जाने वाली ट्रेनों का भविष्य में कश्मीर तक विस्तार का हो सकता है। - आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम