मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में रामपुर यार्ड और मूंढ़ापांडे के बीच शुक्रवार सुबह गोरखपुर आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन टूटी पटरी से गुजर गई। गनीमत रही कि ट्रेन के पहिये पटरी से नहीं उतरे। ट्रेन की गति काफी कम थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। चालक ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल में दी तो रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग शाखा की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की मरम्मत की र्गई।
गोरखपुर आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार सुबह सात बजकर 20 मिनट पर रामपुर यार्ड और मूंढ़ापांडे के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन को तेज झटका लगा। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन की रफ्तार कम दी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल में इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर रेलवे टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक की मरम्मत शुरू कर दी। ट्रेन ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। इस दौरान कोलकाता नंगल डैम एक्सप्रेस ट्रेन बीच में रोक दी गई थी। जिसे बाद में रवाना किया गया।