मनमानी फीस वसूलने और महंगे कोर्स बेचने को लेकर जहां अभिभावकों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है वहीं सेल्स टैक्स की टीम ने भी स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए कमर कस ली है। सोमवार को सेल्स टैक्स की टीम ने डीपीएस और सिरडी साईं स्कूलों में छापे मारे।
टीम ने डीपीएस में कोर्स की किताबें, ड्रेस तथा पढ़ाई से जुड़ा अन्य सामान पकड़ा। डीपीएस प्रबंधन ने जानकारी दी कि सभी सामान बच्चों को निशुल्क दिया जाता है। हालांकि सेल्स टैक्स विभाग ने डीपीएस को नोटिस देकर 15 अप्रैल तक जवाब तलब किया है।
उधर, सिरडी साईं स्कूल में टीम को बताया गया कि कोई भी सामान स्कूल से नहीं दिया जाता। बच्चों को लिस्ट दी जाती है बच्चे बाजार की किसी भी दुकान से सामान ले लेते हैं। सेल्स टैक्स के डिप्टी कमिश्नर आरके सिंह टीम के साथ शुक्रवार की दोपहर दिल्ली पब्लिक स्कूल और सिरडी साईं स्कूल में पहुंचे।
डीपीएस में जांच के दौरान विभिन्न क्लासों की कोर्स की किताबें, ड्रेस और अन्य सामान मिला। प्रिंसिपल अनुपम जग्गा ने बताया कि कोई भी सामान स्कूल से बेचा नहीं जाता बल्कि निशुल्क दिया जाता है।
साथ ही अभिभावकों से सामान के निशुल्क प्राप्ति की रसीद भी ली जाती है। इससे टीम संतुष्ट नहीं हुई और डीपीएस को नोटिस जारी कर 15 अप्रैल तक जवाब मांगा है। डीसी आरके सिंह ने बताया कि शिरडी साईं स्कूल में भी जांच की गई, लेकिन वहां कोई सामान नहीं मिला।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि स्कूल से कोई भी सामान नहीं दिया जाता। उन्हें बताया गया कि स्कूल से अभिभावकों को कोर्स की लिस्ट दे दी जाती है, जिन्हें किसी भी दुकान से लिया जा सकता है।
टीम को शक है कि प्रकाशकों से सेटिंग के बाद कोर्स को मार्केट में भेजे जाने की आशंका है, जिसकी जांच की जाएगी। इस संबंध में शिरडी साईं स्कूल के प्रिंसिपल का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। गौर हो कि दो दिन पूर्व बोनी एनी और पीएमएस में भी सेल्स टैक्स की टीम ने जांच की थी।