मुरादाबाद से संभल जा रहीं रोडवेज की दो बसों के चालकों ने रेस लगा दी। अनियंत्रित होकर एक बस डिवाइडर से टकराकर खाई में गिर गई। इस हादसे में बस यात्रियाें में चीख पुकार मच गई। पुलिस और लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद जिला अस्पताल भिजवा दिया।
पीतल नगरी डिपो की अनुबंधित बस रविवार शाम यात्री लेकर मुरादाबाद से संभल जा रही थी। कोहिनूर तिराहे के पास दूसरी बस आ गई। यात्रियों ने बताया कि दोनों बसों के चालकों में अपनी अपनी बसें आगे निकालने की होड़ मच गई। संभल रोड पर टीपी नगर पुलिस चौकी के सामने अचानक बस के आगे कार आ गई। जिसे बचाने के चक्कर में बस डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में पलट गई।
इस हादसे से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे पुलिस वालों ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। घायलों में आजम पुत्र रफीक निवासी सरायतरीन संभल, रजनी पत्नी गुड्डू, गुड्डू निवासी सिरसी मैनाठेर। रजनी के तीन बच्चे दक्ष, कामिनी और राहुल, उर्मिला पत्नी धर्मपाल निवासी शहजादे सराय संभल, चालक मसरूर घयल हुए हैं। जहां चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर परिजन भी आ गए।