मुरादाबाद। महिला यात्री से छेड़छाड़ के आरोप में घिरा टीटीई रवि मीणा पंजाब पुलिस के सामने नहीं आया। उसे तलाशने पहुंची अमृतसर पुलिस मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर इंतजार करती रही और आरोपी टीटीई (15726) न्यूजलपाईगुड़ी एक्सप्रेस लेकर लखनऊ रवाना हो गया। पुलिस स्टेशन और डीआरएम कार्यालय में उसे तलाशती रही, लेकिन वह हाथ नहीं आया। बाद में ट्रेन में तैनात दूसरे टीटीई से संपर्क कर उसके ड्यूटी पर जाने की पुष्टि की गई।
मुरादाबाद मुख्यालय में तैनात टीटीई रवि मीणा के खिलाफ 21 सितंबर को अमृतसर जीआरपी थाने में महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि 20 सितंबर को पंजाब मेल (13005) में यात्रा के दौरान टीटीई ने उसके साथ छेड़खानी की थी। महिला पंजाब की रहने वाली है और उत्तर प्रदेश के गौरीगंज स्थित मायके से लौट रही थी। इसी मामले की जांच के सिलसिले में बुधवार शाम करीब चार बजे जांच अधिकारी समेत पंजाब पुलिस के तीन जवान मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे। टीटीई की ड्यूटी न्यूजलपाईगुड़ी एक्सप्रेस (15726) में थी। ट्रेन शाम छह बजे रवाना होनी थी। ट्रेन आने में देरी के चलते पुलिसकर्मी रेलवे अधिकारियों से मिलने डीआरएम कार्यालय चले गए। इसके बाद वे स्टेशन लौटे और टीटीई का इंतजार करने लगे। इस बीच ट्रेन शाम 7:17 बजे रवाना हो गई। पुलिस को पता चला कि रवि मीणा शाम 4:57 बजे ही साइन ऑन कर चुका था। यानी पुलिस के दोबारा स्टेशन पहुंचने से पहले ही वह ड्यूटी पर रवाना हो गया था। रेलवे स्टाफ के मुताबिक आरोपी टीटीई पहले भी दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है।
पंजाब पुलिस ने बताया कि टीटीई से संपर्क कर बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है। उसे चेतावनी दी गई है कि जांच से बचने के लिए लुकाछिपी करने के बजाय सामने आकर अपना पक्ष रखे, अन्यथा वारंट जारी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीनियर डीसीएम महेश यादव ने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है। रेलवे की ओर से फिलहाल इस मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता।