मुरादाबाद। त्योहारों के बीच दालों की कीमतों में तेजी से रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। पिछले दस दिनों में अरहर की दाल के दाम 10 से 15 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं, जबकि चने की कीमत में भी 30 रुपये प्रति किलो तक का उछाल आया है। बाजार में अरहर की दाल 120 से 145 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। वहीं, काला चना और चने की दाल के भाव 70 रुपये से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। कारोबारियों का कहना है कि दालों की आवक कम होने से कीमतों में तेजी आई है। आने वाले दिनों में भी दाम बढ़ने की आशंका है।
कटरा नाज, गंज बाजार और मंडी चौक समेत शहर के प्रमुख बाजारों में दालों की खरीदारी करने पहुंच रहे ग्राहकों को बढ़ी कीमतों का सामना करना पड़ रहा है। कटरा नाज के कारोबारियों का कहना है कि बाजार में अरहर की दाल तीन कीमतों- 120, 130 और 145 रुपये प्रति किलो में बिक रही है। दस दिन पहले यही दालें 110, 120 और 130 रुपये प्रति किलो में मिल रहीं थीं। यानी तीनों किस्मों के भाव में दस-दस रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। ग्राहक अपने बजट के हिसाब से दाल खरीद रहे हैं। महंगी किस्मों के बजाय 120 रुपये प्रति किलो वाली अरहर की दाल की मांग ज्यादा बताई जा रही है।
00
चने के दाम बढ़ने से भी बिगड़ा बजट
-अरहर की दाल के साथ काला चना और चने की दाल के भाव में भी तेजी आई है। कारोबारी रमन गुप्ता का कहना है कि चने के दाम 70 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। चना और उसकी दाल का इस्तेमाल घरों में रोजमर्रा के भोजन के अलावा नाश्ते और अन्य व्यंजनों में भी होता है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी का असर आम ग्राहकों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। कटरा नाज में खरीदारी करने आईं कुसुम सैनी ने बताया कि बढ़े हुए दामों के कारण खरीदारी के दौरान अपने बजट का ध्यान रखना पड़ रहा है। दालों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसकी वजह से समस्या बनी हुई है।
00
इन शहरों से आती है अरहर की दाल
-कटरा नाज और गंज बाजार के कारोबारियों ने बताया कि बाजार में अरहर की दाल हाथरस, चंदौसी, कानपुर, पंजाब और अलीगढ़ समेत विभिन्न शहरों से आती है। कारोबारी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि फिलहाल दाल की आवक कम है। कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण ग्राहकों और दुकानदारों, दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हाथरस की अरहर की दाल सबसे सस्ती होती है।
00
...कारोबारी बोले...
-पिछले दस दिनों में अरहर की दाल की सभी प्रमुख किस्मों के दाम में करीब दस रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दिनों में भी कीमतें बढ़ने की आशंका है।-अंशु रस्तोगी, व्यापारी
-दाल की कीमत लगातार बढ़ रही है। ग्राहकों के साथ दाम को लेकर बातचीत करने में भी दिक्कत हो रही है। फिलहाल बाजार में दाल की आवक कम है।-मुदित शांति, व्यापारी
-दाल की कीमत बढ़ने से बिक्री घट रही है। बाजार में 120 रुपये प्रति किलो वाली अरहर की दाल की मांग ज्यादा है। बढ़े दामों के कारण ग्राहकों और दुकानदारों, दोनों को परेशानी हो रही है।-राकेश अग्रवाल, व्यापारी