मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक से लूट करने तीन बदमाश अब तक पुलिस के हाथ नहीं आए हैं। पुलिस टीम को रुस्तमपुर बढ़मार गांव में एक बैग मिला है। जिसमें संचालक का लैपटॉप है। पुलिस तीनों बदमाशों की तलाश में जुटी है।
कटघर के गांव सैफपुर पल्ला निवासी राहुल कुमार जैतिया शाहदुल्ल्लापुर में जनसेवा केंद्र चलाता है। मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वह जनसेवा केंद्र बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसका बैग लूट लिया था। जिसमें एक लाख 35 हजार रुपये और एक लैपटॉप था। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा किया तो आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकल गए थे।
लोगों ने घेराबंदी कर अमरोहा जिले के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के अकबपुर पट्टी निवासी एक आरोपी सूबेचंद को पकड़ लिया था। एसपी सिटी ने यह भी बताया कि पुलिस टीम ने गांव रुस्तमपुर बढ़मार के पंचायत भवन के पास से जनसेवा केंद्र संचालक राहुल का बैग बरामद कर लिया है। जिसमें उसका लैपटॉप भी हैं। इस घटना में शामिल रहे तीनों बदमाश रामपुर के मिलक थाना क्षेत्र के कपनेरी निवासी विशाल व अर्जुन और संभल के चंदौसी रोड गोशाला निवासी पवन कुमार की तलाश की जा रही है।