मुरादाबाद। डिलारी ब्लॉक के सिहाली खद्दर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनाने और कांठ में ट्रामा सेंटर स्थापित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। कांठ के सपा विधायक कमाल अख्तर ने विधानसभा में दोनों मुद्दे उठाकर सरकार से स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की थी। अब ये प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग तक पहुंच गए हैं। विभाग ने दोनों स्थानों पर जरूरत और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं।
विधायक कमाल अख्तर ने सिहाली खद्दर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को उच्चीकृत कर सीएचसी बनाने की मांग की है। उनका तर्क है कि इस क्षेत्र की आबादी करीब चार लाख है। इतनी बड़ी आबादी के लिए मौजूदा स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के भारतीय जन स्वास्थ्य मानकों के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में एक सीएचसी पर 1.20 लाख आबादी का मानक है। इस हिसाब से चार लाख की आबादी के लिए करीब तीन से चार सीएचसी की जरूरत बनती है।
सिहाली खद्दर के पीएचसी को लेकर भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है। यह केंद्र लंबे समय से बंद पड़ा है। 28 अक्तूबर को लखनऊ से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डिलारी सीएचसी का निरीक्षण कर सिहाली खद्दर के पीएचसी को दोबारा शुरू कराने की संभावनाएं देखी थीं। ऐसे में अब पीएचसी को चालू करने के साथ उसे सीएचसी के रूप में विकसित करने की मांग भी विभाग के सामने है। उधर, कांठ सीएचसी को ट्रामा सेंटर बनाने की मांग भी विधायक ने उठाई है। कांठ और आसपास के क्षेत्रों में सड़क हादसों में घायल होने वाले मरीजों को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर करना पड़ता है। ट्रामा सेंटर बनने से घायलों को स्थानीय स्तर पर तत्काल उपचार और जीवनरक्षक सुविधाएं मिल सकेंगी। स्वास्थ्य विभाग फिलहाल दोनों प्रस्तावों की व्यवहार्यता और आवश्यक संसाधनों का आकलन कर रहा है।
वर्जन
आबादी के लिहाज से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इस क्षेत्र की जरूरत है। एक्सीडेंट में घायल मरीजों को 25 किमी दूर जिला अस्पताल ले जाना पड़ता है। यहां के लोगों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी की जरूरी है। हमनें सदन में मुद्दा उठाया था, उम्मीद है कि इसका असर होगा।
- कमाल अख्तर, विधायक कांठ
विधानसभा में उठाए गए प्रश्न का विवरण विभाग को मिला है। क्षेत्र से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद प्रस्ताव मांगा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने पर सीएचसी बनाया जाएगा।
- डॉ. कुलदीप सिंह, सीएमओ