मुरादाबाद। सीएम युवा योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने में बैंकों की सुस्ती पर डीएम अनुनय झा ने पांच नवंबर तक लंबित आवेदनों का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया कि आवेदन निरस्त करने से पहले संबंधित आवेदक को इसकी सूचना दी जाए और आवेदन में मिली कमियों को दूर कराने में सहयोग किया जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने बैंकवार आवेदनों की स्थिति, ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रगति परखी। उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार ने बताया कि जिले को योजना के तहत 2700 आवेदनों का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष अब तक 3046 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1074 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 1014 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। समीक्षा के दौरान भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक समेत अन्य बैंकों में आवेदन लंबित मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी का कहना है कि जो बैंक आवेदन लंबित रख रहे हैं और समीक्षा बैठकों में भी प्रतिभाग नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधकों और सक्षम अधिकारियों को पत्र भेजा जाए।