झमाझम बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आई है। बुधवार रात से शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे तक हुई। मौसम विज्ञान विभाग ने 59.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की। इसके बाद बृहस्पतिवार शाम को भी 7.4 मिमी बारिश हुई। 15 दिन पहले से अब तक तापमान में 15 डिग्री से ज्यादा की गिरावट आई है।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया। 28 जून से बेसिक शिक्षा विभाग के सभी स्कूल भी खुल रहे हैं। कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के बच्चों को स्कूल जाना होगा। ऐसे में बारिश अभिभावकों के लिए भी राहत का सबब बनी है। अभिभावकों को चिंता थी कि भीषण गर्मी में स्कूल खुलेंगे तो बच्चों को बेहद परेशानी होगी। वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने एक और राहत की खबर दी है कि प्री-मानसून में बेशक 20 प्रतिशत तक बारिश कम हुई है, लेकिन 28 जून से बादल खुलकर बरसने वाले हैं। मानसून के प्रवेश करने पर 28 व 29 जून को झमाझम बारिश के आसार हैं। इससे फसलों को फायदा मिलेगा साथ ही गर्मी में ओवरलोडिंग के कारण लोगों को बिजली कटौती से भी राहत मिलेगी।
तीन जुलाई तक हर दिन बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 28 जून से तीन जुलाई तक हर दिन बारिश की संभावना है। 28 व 29 जून को भारी बारिश व अन्य दिन मध्यम बारिश बताई गई है। बृहस्पतिवार को हवा में नमी 79 प्रतिशत रही। 7.5 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पूर्व से पश्चिम की ओर हवाएं चलीं। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। इसलिए लोगों को गर्मी की समस्या नहीं होगी।