कुंदरकी (मुरादाबाद)। गांव नानपुर में बिजली घर के चौकीदार करन सिंह (65) की नृशंस हत्या कर दी गई। उसका रक्तरंजित शव बिजली घर के गेट पर बनी झोपड़ी में तख्त पर पड़ा मिला। सिर और चेहरे पर हमला किया गया है। पुलिस ने मौके से ही खून से सना नुकीला पत्थर भी बरामद किया है। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। परिवार वालों ने भी किसी से रंजिश की बात से इन्कार किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। क्योंकि चौकीदार बिजली घर के बाहर दिन में गन्ने के रस का ठेला भी लगाता था और रात को वहीं बनी झोपड़ी में सोता था। पुलिस उसके पास आने जाने वालों से भी जानकारी कर रही है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम नानपुर निवासी करन सिंह रात में हाईवे किनारे स्थित बिजलीघर में चौकीदारी करते थे। दिन में बिजली घर के बाहर सड़क किनारे गन्ने का रस भी बेचते थे। यहां एक कोल्हू और इंजन लगा रखा था। इसकी देखभाल के लिए झोपड़ी भी डाल रखी थी, जिसमें ही रात को सो जाते थे। जबकि करन सिंह की पत्नी फूूूूूूूूूूूूलवती, बेटे प्रदीप और जीतू दो सौ मीटर दूर स्थित अपने घर में रहते हैं। शनिवार की देर रात आरोपियों ने उनकी नृशंस हत्या कर दी। रविवार की सुबह साढ़े पांच बजे जब पत्नी फूलवती चाय लेकर झोपड़ी पर पहुंची तो खून से लथपथ शव तख्त पर पड़ा था। शोर शराबा होनेे पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। चौकीदार के सिर और चेहरे पर नुकीले पत्थर से वार किया गया है। खून से सना पत्थर भी मौके पर मिला है। पोस्टमार्टम में सिर और चेहरे पर 20 से ज्यादा वार हैं। सिर की हड्डी भी टूट गई है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवार से बात की और स्थानीय पुलिस को खुलासे के निर्देश दिए हैं। एसपी का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
बयान
सुबह पांच बजे के बाद कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम नानपुर में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई जिसके सिर पर वार किए गए हैं। घटना स्थल का मौका मुआयना किया। शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को गठन कर दिया गया है।- कुंवर आकाश सिंह, एसपी देहात