मुरादाबाद। लाइनपार मंडी समिति बिजलीघर से जुड़े कई मोहल्लों में रविवार देर रात से सोमवार शाम तक बिजली गुल रही। तकरीबन 12 हजार की आबादी इससे प्रभावित रही। 15 घंटे बिजली गुल रहने के कारण लोग पानी को भी तरस गए। पीने के पानी के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई लोगों के घरों में हैंडपंप न होने के कारण उन्हें बाजार से बोतल का पानी खरीदकर पीना पड़ा। तो वहीं लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी डाउन हो गए।
रविवार देर रात एक बजे मंडी समिति बिजलीघर से जुड़ा एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इससे प्रेम नगर, प्रकाश नगर, रामलीला मैदान, मीना बाजार, गायत्री नगर आदि मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार सुबह तक जब लाइट नहीं आई तो लोगों ने बिजलीघर से संपर्क किया।
वहां से पता चला कि ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण बिजली गायब है। जेई बृजेश ने बताया कि रविवार देर रात अचानक फाल्ट हुआ और ट्रांसफार्मर खराब हो गया। सोमवार दोपहर तक ट्रॉली ट्रांसफार्मर के जरिये व्यवस्था सुचारु की गई लेकिन इससे बात नहीं बनी। वैकल्पिक व्यवस्था करने पर आधे इलाके की बिजली शाम चार बजे तक सुचारु हो गई। जबकि प्रेमनगर, प्रकाश नगर क्षेत्र में लोग देर रात तक बिना बिजली के परेशान होते रहे। जेई ने अधिकारियों को सूचित करके नया ट्रांसफार्मर मंगवाया जिसे स्थापित करने का काम देर रात तक चला।