मुरादाबाद। लाइनपार में मझोला चौराहे की पुलिया लंबे समय से बदहाली की शिकार है। हालात यह हैं कि दशहरा के बाद दिवाली भी बीत गई लेकिन पुलिया की मरम्मत नहीं हो सकी। पुलिया पर बने गहरे गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। आए दिन ई रिक्शे और ऑटो पलट रहे हैं, जिससे महिलाएं और बच्चे चोटिल हो रहे हैं। नगर निगम के नाले के पास पानी की पाइपलाइन भी फटी हुई है, जिससे आसपास पानी भरा रहता है।
15 दिन पहले मझोला में जनरल स्टोर संचालक राजू ने पार्षद से इसकी शिकायत की थी लेकिन अब तक न तो पुलिया ठीक कराई गई और न ही पाइपलाइन की मरम्मत हुई। यहां के दुकानदारों ने बताया कि नाले की दोनों तरफ दीवारें बनाकर काम अधूरा छोड़ दिया गया था। ऊपर के स्लैब भी दुकानदारों ने अपने खर्चे से लगवाए हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। दुकानदारों ने नगर निगम से जल्द पुलिया और पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
-
पुलिया पर गहरे गड्ढे होने से आए दिन ई रिक्शे और ऑटो पलट रहे हैं। राहगीर, महिलाएं और बच्चे चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।- गौरव पाल दुकानदार
दशहरा के बाद दिवाली भी बीत गई लेकिन पुलिया की मरम्मत नहीं हुई। हर बार काम कराने का इंतजार ही करना पड़ता है।- आयुष दुकानदार
नाले के पास पानी की पाइपलाइन फटी हुई है, जिससे सड़क पर पानी भरा रहता है। 15 दिन पहले शिकायत की गई थी लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।- राजा दुकानदार
-नाले की दोनों तरफ निर्माण कराकर काम अधूरा छोड़ दिया गया था। ऊपर के स्लैब तक दुकानदारों ने अपने खर्चे से लगवाए हैं। नगर निगम को जल्द पुलिया की मरम्मत कराकर लोगों को राहत देनी चाहिए।- मीरा दुकानदार
-
वर्जन
लाइनपार में मझोला चौराहे के पास पुलिया और सड़क का निर्माण सीएम ग्रिड के तहत किया जा रहा है। जल्द ही कार्य पूरा हो जाएगा। 31 दिसंबर तक यह सड़क नया आकार ले लेगी। - अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त