बिलारी। बिलारी से नगलिया जट होते हुए दो विकासखंडों को आपस में जोड़ने वाली मुख्य सड़क अनेक स्थानों पर टूट गई है। बारिश के मौसम में सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं। टूटी सड़क से होकर गुजरने में ग्रामीणों और स्कूली छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिलारी ब्लॉक अंतर्गत नगर में चौधरी चरण सिंह पार्क के सामने से एक सड़क नगलिया जट, खाबरी अव्वल, मिलक खाबरी,बगरौआ होते हुए कुंदरकी धर्मपुर मुख्य सड़क मार्ग में जाकर मिल जाती है। यह सड़क दो विकासखंडों के ग्रामों को आपस में जोड़ती है। इसी सड़क पर नगलिया जट गांव का राजकीय इंटर कॉलेज भी स्थित है। इस कॉलेज में आसपास के लगभग दस ग्रामों के छात्र पढ़ने आते हैं। इस सड़क पर बिलारी नगर से लेकर नगलिया जट तक लगभग दो किमी लंबाई में अनेक गहरे गड्ढे हो गए हैं।
ग्राम पंचायत नगलिया जट के प्रशासक चौधरी संजीव उर्फ सोनू ने बताया कि टूटी सड़क को ठीक कराने के लिए क्षेत्र के लोग संपूर्ण समाधान दिवस में ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन अभी तक लोकनिर्माण विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रघुपति देव ने बताया कि कॉलेज को जाने वाली सड़क में अनेक गड्ढे होने से छात्रों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। गन्ना विकास परिषद बिलारी के निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि पूर्व के वर्षों में यह सड़क गन्ना परिषद द्वारा बनवाई गई थी लेकिन बाद में लोनिवि को स्थानांतरित करने के बाद अब उसी विभाग की जिम्मेदारी है। एडीओ पंचायत शकील अहमद ने बताया कि इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से मिली शिकायत पर शीघ्र उचित कार्रवाई के लिए लोनिवि के अधिकारियों से बात की जा रही है।