मुरादाबाद। सीएम डैश बोर्ड के तहत दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना में फिर पिछड़ने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की। साथ ही रैंकिंग को सुधारने की हिदायत दी है।
डीएम अनुज सिंह ने विकास भवन स्थित सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा की। बताया गया कि विकास के मामले में जिले को 67 वां और रेवेन्यू में 19 वां स्थान मिला है। इस दौरान छात्रवृत्ति योजना की विशेष रूप से समीक्षा की गई। बताया कि विद्यालयों द्वारा फार्म जमा नहीं किया जा रहा है। इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक विद्यालयों में जाकर खुद जांच करेंगे। छात्रों के फार्मों को शीघ्र जमा कराएंगे तो योजना से पात्र छात्र लाभान्वित होंगे। फैमिली आईडी बनाने का कार्य धीमा पाया गया। इस मामले में डीएम ने नाराजगी जताई। हिदायत दी कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीवीओ को सभी गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी नियमित रूप से गोशालाओं का भ्रमण करेंगे। विद्युत कनेक्शन और खराब ट्रांसफार्मर को लेकर विभाग स्तर से की जा रही लापरवाही बरतने का मामला सामने आया। इस मामले में विद्युत विभाग के अधिकारी त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कृषि विभाग के अधिकारियों समय से किसानों को कृषि बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बीमा कंपनी किसानों के भुगतान में लापरवाही न बरते। डीएम ने कहा कि श्रम विभाग के अधिकारी योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार कराएं। बैठक में सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, एडीएम प्रशासन संगीता गौतम, सीएमओ डा. कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।