मुरादाबाद। पिछले कई दशकों से शराब के अवैध धंधे की दलदल में धंसे भांतू समाज की नई पीढ़ी को इससे बचाने के लिए कप्तान अमित पाठक ने एक अनूठी पहल की है। भांतू समाज को शराब के धंधे से हटाकर रोजगार दिलाया जाएगा। एसएसपी की पहल पर शहर के निर्यातकों और उद्योगपतियों ने रविवार को आदर्श कालोनी पहुंचकर भांतू समाज के युवाओं और महिलाओं के साक्षात्कार लिए। जरूरत के हिसाब से शहर के कारोबारी इन्हें नौकरी देंगे। पुलिस सत्यापन करके इनकी संस्तुति करेगी। ताकि अपराध से जुड़े रहे इन लोगों को नौकरी देने में कारोबारियों को झिझक न हो।
आदर्श कालोनी शराब के अवैध धंधे के लिए पहचानी जाती है। यहां कच्ची शराब बनाकर उसे बेचने का धंधा दशकों से होता रहा है। पुलिस की सख्ती भी इस धंधे को कभी रोक नहीं सकी। लेकिन पिछले कुछ महीनों में एसएसपी अमित पाठक ने अभियान चलाकर इसे करीब - करीब पूरी तरह रोक दिया है। इसके बाद इस धंधे से जुड़े लोग खाली हो गए हैं। भांतू समाज के इन लोगों की अपराध में धंसी जड़ों की वजह से कोई इन्हें नौकरी भी नहीं देता। ऐसे में पुलिस को यह भी डर है कि शराब के धंधे से हटाए जाने के बाद यह लोग अपराध की दूसरी गलियों में भटक सकते हैं। लिहाजा एसएसपी ने इन सभी लोगों को सही राह पर लाने के लिए एक अनूठी पहल की। कप्तान की पहल पर रविवार को आदर्श कालोनी में समाज कल्याण कार्यालय परिसर में एक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ खुद कप्तान अमित पाठक ने फीता काटकर किया।
एसएसपी के बुलावे पर यहां 181 एक्सपोर्ट फर्म्स का प्रतिनिधित्व करने वालीह यंग एंटरप्रेन्योर सोसायटी (यस) समेत शहर की अन्य 100 से अधिक फर्म्स ने भी हिस्सा लिया। यहां बाकायदा कांउटर लगाकर भांतू समाज के लोगाें का साक्षात्कार लिया गया। पुलिस ने बाकायदा इनका बायोडाटा तैयार किया था। कारोबारियों ने अपनी जरूरत के हिसाब से इनकी छंटनी की है। 23 जनवरी को चुने गए लोगों को जॉब लेटर दिए जाएंगे। इनमें ज्यादातर ऐसे लोग हैं जो कभी शराब का अवैध धंधा करते थे। साक्षात्कार सोमवार को भी होगा। कार्यक्रम में एसपी सिटी अमित आनंद, यस के चेयरमैन विशाल अग्रवाल, सेक्रेटरी जेपी सिंह, निर्यातक रवि अरोड़ा, पुनीत आर्या, शैलेश खन्ना, करन दुग्गल आदि थे।