मुरादाबाद। जनपद में संक्रमण को नियंत्रण में करने के प्रयासों में सफलता मिल रही है। मंगलवार को पांचवें दिन भी जिले में कोरोना संक्रमण का कोई नया केस नहीं मिला है। अधिकारियों के अनुसार अब जनपद में सक्रिय केसों की संख्या चार रह गई है।
मुरादाबाद जनपद में कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए फोकस सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहां भी खासकर पांच से 18 आयु वर्ष के बच्चों और युवाओं के सैंपल लिए जा रहे हैं।
इसके अलावा वेंडर्स, छोटे बाजार, जेल, स्कूल, कालेज, नारी निकेतन, बाल सुधार गृह, ऑटो रिक्शा चालक आदि को शामिल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम संबंधित वर्गों से जुड़े व्यक्तियों के आरटीपीसीआर और एंटीजन के सैंपल ले रही है। राहत की बात यह है कि अभियान चलाए जाने के बाद से अब तक कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमसी गर्ग का कहना है कि तीसरी लहर से बचने के लिए फोकस सैंपलिंग की जा रही है। यह अभियान 25 जुलाई तक चलाया जाएगा।